बैंक ऑफ बड़ौदा का त्योहारी धमाका, 7.40% ब्याज दर पर गृह ऋण और 7.85% पर मिलेगा कार लोन
बैंक ने त्योहारी सीजन में 'बॉब के संग त्योहार की उमंग' अभियान शुरू किया है, जिसके तहत ब्याज दरों में रियायत दी जा रही है।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने त्योहारी सीजन में ‘बॉब के संग त्योहार की उमंग-शुभ भी, लाभ भी’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत ग्राहकों को गृह ऋण, कार ऋण, एमएसएमई वित्तपोषण, बचत योजनाओं और डेबिट कार्ड से खरीदारी पर विशेष ऑफर दिए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य ग्राहकों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के साथ कारोबार को प्रोत्साहित करना है।
सवाई माधोपुर, 21 अक्टूबर। बैंक ऑफ बड़ौदा के त्योहारी अभियान के तहत गृह ऋण 7.40 प्रतिशत और कार ऋण 7.85 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा, सवाई माधोपुर के उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रबंधक राम लाल बुनकर ने बताया कि गृह ऋण लेने वाले पात्र ग्राहकों को प्रोसेसिंग शुल्क में छूट मिलेगी। महिला ग्राहकों और अन्य पात्र श्रेणियों के लिए अतिरिक्त ब्याज रियायत का भी प्रावधान है। इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को ‘बॉब ग्रीन व्हील्स’ ऋण पर ब्याज दर में विशेष रियायत दी जा रही है।
अभियान में बचत, खरीदारी और महिला ग्राहकों के लिए भी विशेष सुविधाएं शामिल की गई हैं। बैंक के डेबिट कार्डधारक सहभागी ब्रांड्स पर खरीदारी, भोजन, यात्रा और ग्रोसरी जैसी श्रेणियों में तत्काल छूट का लाभ उठा सकते हैं। महिला ग्राहकों के लिए ‘बॉब वुमन सफायर’ और ‘बॉब ग्लोबल वुमन एनआरई/एनआरओ’ बचत खातों में बीमा कवर सहित अन्य विशेष सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं, ‘बॉब फ्लेक्सी सिस्टमैटिक डिपॉजिट प्लान’ के तहत ग्राहक मात्र 500 रुपये प्रतिमाह से नियमित बचत शुरू कर सकते हैं।
बैंक ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वित्तीय सहायता देने के लिए भी विभिन्न योजनाएं उपलब्ध कराई हैं। ‘बॉब ग्रीन प्लग’ योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं स्थापित करने के लिए 5 करोड़ रुपये तक का ऋण दिया जा सकता है। इसके अतिरिक्त निर्माण एवं खनन उपकरणों के वित्तपोषण की सुविधा भी उपलब्ध है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बड़ौदा महिला स्वावलंबन’ योजना के माध्यम से सहायता दी जा रही है।
क्षेत्रीय प्रबंधक राम लाल बुनकर ने बताया कि बैंक का उद्देश्य प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों और ग्राहक-केंद्रित योजनाओं के जरिए लोगों को घर एवं वाहन खरीदने, बचत बढ़ाने तथा कारोबार का विस्तार करने में सहयोग देना है। उन्होंने ग्राहकों से त्योहारी ऑफर्स और उनसे संबंधित नियम-शर्तों की जानकारी के लिए बैंक शाखा से संपर्क करने की अपील की। बैंक ने स्पष्ट किया है कि सभी ऑफर निर्धारित पात्रता और नियम-शर्तों के अधीन हैं।