सवाई माधोपुर में पुलिस शहीद दिवस 2026: अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी गई सलामी
रिजर्व पुलिस लाइन सवाई माधोपुर में एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी की मौजूदगी में पुलिस जवानों ने अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर सलामी दी।
रिजर्व पुलिस लाइन सवाई माधोपुर में आयोजित पुलिस शहीद दिवस कार्यक्रम के दौरान एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी और पुलिस जवान शहीद स्मारक के समक्ष अमर शहीदों को नमन करते हुए।
सवाई माधोपुर में 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस 2026 के अवसर पर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रिजर्व पुलिस लाइन सवाई माधोपुर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के नेतृत्व में शहीदों को सम्मानपूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अमर शहीदों की नामावली का गरिमामयी वाचन किया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बिगुल की ध्वनि के बीच सशस्त्र पुलिस टुकड़ी ने तीन राउंड फायर कर अमर शहीदों को सलामी दी।
पुलिस शहीद दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। यह अवसर उन अमर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को स्मरण करने के लिए समर्पित रहा, जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राणों की आहुति दी।