गंगापुर सिटी के हाई सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 की तैयारियों में जुटे खिलाड़ी और आयोजक।   

गंगापुर सिटी में बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का आगाज 22 अक्टूबर से होगा। भारत विकास परिषद शाखा सुभाष और GPS स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 3 नवंबर तक हाई सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड में चलेगी। टूर्नामेंट में चार अलग-अलग लीग की 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें लगभग 300 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। रात्रिकालीन मुकाबलों में चौके-छक्कों के बीच खिलाड़ियों के दमखम और प्रतिस्पर्धा का रोमांच देखने को मिलेगा।

टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजन को भव्य बनाने के लिए मैदान पर तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजकों की ओर से मैदान की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर माहौल मिल सके।

टूर्नामेंट के मीडिया प्रभारी मनोहर गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में चार अलग-अलग लीग के तहत मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें गंगापुर सेलिब्रेट लीग (GCL) की 8 टीमें, GPS प्रीमियर लीग की 4 टीमें, यूथ प्रीमियर लीग (YPL) की 4 टीमें और वीमेन क्रिकेट प्रीमियर लीग (WPL) की 4 टीमें शामिल हैं। इस तरह कुल 20 टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी और लगभग 300 खिलाड़ी मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। अलग-अलग लीग के मुकाबलों से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, वीमेन क्रिकेट प्रीमियर लीग के आयोजन से महिला क्रिकेट को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

भारत विकास परिषद शाखा सुभाष के आदित्य भारद्वाज और GPS स्कूल के डायरेक्टर चेतन अग्रवाल ने टूर्नामेंट के आयोजन की जानकारी दी। आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं और मैदान पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

क्रिकेट मुकाबलों के साथ आयोजन स्थल पर दर्शकों के मनोरंजन और खानपान की व्यवस्था भी रहेगी। बच्चों के लिए झूले और मिक्की माउस जैसी मनोरंजक गतिविधियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा खानपान के लिए विभिन्न फूड जोन स्टॉल्स लगाए जाएंगे। झूलों, मिक्की माउस और फूड जोन स्टॉल्स की सभी सुविधाएं सशुल्क यानी पेड रहेंगी। इससे दर्शक क्रिकेट मैचों के रोमांच के साथ मनोरंजन और खानपान का भी आनंद ले सकेंगे।

आयोजकों ने शहर के क्रिकेट प्रेमियों और खेलप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में हाई सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। 22 अक्टूबर से 3 नवंबर तक चलने वाला बिगेस्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 गंगापुर सिटी में क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ विभिन्न आयु वर्ग और महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराएगा।

Tags: