सवाई माधोपुर के शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय में आयोजित पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रशिक्षण शिविर में अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।   

सवाई माधोपुर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण बुधवार को शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय में आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी दायित्व गंभीरता एवं निष्पक्षता से निभाने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी दिनेश गुप्ता ने बताया कि मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण 21 से 23 अक्टूबर तक प्रतिदिन प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया, उनकी जिम्मेदारियों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण में ईवीएम संचालन, मतदान से पहले मशीनों की जांच, मॉक पोल और सीलिंग की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही बैलेट पेपर से मतदान कराने, मतपत्रों को सुरक्षित रखने, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने और मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री जमा कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्मिकों को मतदाता की पहचान, मतदाता सूची के सत्यापन, निर्वाचन अभिलेखों के संधारण और मतदान दल के सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को भली-भांति समझें और निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों को गंभीरता एवं निष्पक्षता से निभाने पर जोर दिया। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदान ईवीएम से कराया जाएगा, जबकि सरपंच व पाँच पदो के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान होगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय दक्ष प्रशिक्षक पारस चन्द जैन, राजेन्द्र वर्मा एवं रघुवर दयाल मथुरिया उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर दिए जा रहे इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदान कार्मिकों को उनके दायित्वों और निर्धारित प्रक्रियाओं से अवगत कराना है, ताकि सवाई माधोपुर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप संचालित हो सकें।

Tags: