सलूंबर के वीसी हॉल में बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ समीक्षा करते जिला कलक्टर।

नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार, 14 सितंबर को सलूंबर में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने समीक्षा बैठक ली। डीओआईटी वीसी हॉल में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने हालिया निर्वाचन के अनुभव और चुनौतियां साझा कीं, जबकि जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगामी चुनाव के लिए जरूरी तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिले के सभी एसडीएम/आरओ, तहसीलदार/एआरओ, नायब तहसीलदार/एआरओ तथा निर्वाचन टीम के अधिकारियों के साथ ईवीएम, स्टोर एवं सांख्यिकी प्रकोष्ठ उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वर्तमान निर्वाचन के दौरान प्राप्त अनुभवों और सामने आई चुनौतियों का दस्तावेजीकरण किया जाए और आगामी पंचायती राज चुनाव में उनका उपयोग किया जाए। उन्होंने आरओ एवं एआरओ को निर्वाचन संबंधी नियमों एवं प्रावधानों का गहन अध्ययन कर प्रत्येक कार्य अपनी जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्वाचन क्षेत्रों में नो नेटवर्क एरिया को पहले ही चिन्हित करने तथा बूथ वेरिफिकेशन के दौरान ऐसे मतदान केंद्रों की पहचान करने के निर्देश दिए, जहां वाहनों की पहुंच नहीं है। मतदान केंद्रों तक पहुंच, आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श मतदान केंद्र, सेल्फी प्वाइंट और मतदाता जागरूकता गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों के आसपास 100 एवं 200 मीटर की परिधि में निर्वाचन संबंधी प्रावधानों एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।

बैठक में निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। प्रथम प्रशिक्षण आरओ स्तर पर तथा आवश्यकतानुसार ब्लॉक स्तर पर आयोजित करने और प्रशिक्षण के लिए जिला स्तर पर समुचित ग्रुप एवं समन्वय व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए गए।

ईवीएम रैंडमाइजेशन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने आईटी टीम के साथ समुचित प्लानिंग एवं प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। कमीशनिंग कार्य की सख्त निगरानी के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि कमीशनिंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए, ताकि मतदान दिवस पर तकनीकी अथवा व्यवस्थागत समस्या उत्पन्न न हो।

आगामी चुनाव के लिए बैलेट पेपर एवं मतगणना कक्षों के अनुरूप लेआउट तैयार करने, मतगणना स्थल पर प्रतीक्षा क्षेत्र निर्धारित करने तथा मोबाइल फोन संबंधी अनुमतियों एवं व्यवस्थाओं को पहले से स्पष्ट रखने के निर्देश दिए गए। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान क्राउड मैनेजमेंट की प्लानिंग करने और आवश्यकतानुसार व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। लॉटरी के लिए सीडीपीओ के माध्यम से बच्चों को पूर्व में बुलाकर उनके आईडी कार्ड जारी करवाने के निर्देश भी दिए गए।

नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को इसकी पूरी प्रक्रिया अच्छी तरह समझने और सूची सत्यापन का कार्य आरओ/डीईओ स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की आवश्यकताओं का पूर्व निर्धारण करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने आदर्श आचार संहिता (MCC) से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने, राजनीतिक दलों को लॉटरी प्रक्रिया के संबंध में समय पर तामील कराने तथा सभी निर्वाचन गतिविधियों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस ब्रीफिंग में आरओ की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि पुलिस एवं निर्वाचन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। कानून-व्यवस्था की दृष्टि से आवश्यकतानुसार हथियार जमा कराने की कार्रवाई भी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टी के लिए अनावश्यक कार्मिक नहीं लगाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टी अपने आवश्यक निर्वाचन सामग्री साथ लेकर पहुंचे और जहां संभव हो, महिला कार्मिकों को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने सभी आरओ/एआरओ को निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक कार्य नियमों एवं आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व तैयारी, बेहतर प्रशिक्षण, सटीक सत्यापन और मजबूत समन्वय ही मतदान दिवस को सुचारू एवं निष्पक्ष बनाने की आधारशिला है।

बैठक के दौरान एसडीएम एवं तहसीलदारों ने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव के दौरान प्राप्त अपने चुनावी अनुभव, चुनौतियां एवं उपयोगी सुझाव साझा किए। इन अनुभवों के आधार पर आगामी पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

Tags: