सलूम्बर, 09 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर सलूम्बर में प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में सलूम्बर नगर निकाय क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के साथ चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सलूम्बर नगरीय क्षेत्र में बुधवार, 09 सितम्बर को सायं 6 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इसके बाद चुनावी सभाओं, रैलियों एवं लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों एवं मतदान केंद्रों के आसपास लगे राजनीतिक बैनर, पोस्टर एवं होर्डिंग्स को नियमानुसार हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को लाइसेंसी हथियार निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने तथा जिन मतदान केंद्रों अथवा क्षेत्रों में पूर्व में चुनाव संबंधी विवाद या अप्रिय घटनाएं हुई हैं, वहां परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में 10 सितम्बर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों के रात्रि विश्राम, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय रहते सुनिश्चित करने को कहा।

मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, प्रकाश एवं पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं एवं मतदान दलों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। सभी मतदान केंद्रों पर 100 मीटर एवं 200 मीटर की निर्धारित परिधि की स्पष्ट मार्किंग समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर दरवाजों को दुरुस्त रखने, क्रियाशील शौचालय, आवश्यक फर्नीचर एवं मतदाता सहायता केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन मतदान केंद्रों पर स्थायी रैंप उपलब्ध नहीं हैं, वहां दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए अस्थायी रैंप तैयार कराने को कहा गया। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यकता वाले मतदान केंद्रों पर टेंट एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सलूम्बर नगर निकाय क्षेत्र में मतदान से पहले प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक में व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

Tags: