सलूंबर: पदमपुरा स्कूल में छात्राओं को साइबर सुरक्षा व करियर का मिला मार्गदर्शन
महिला अधिकारिता विभाग के शिविर में छात्राओं को हेल्पलाइन 1930, व्यक्तिगत स्वच्छता और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई।
तस्वीर में पदमपुरा स्कूल की छात्राएं और शिक्षिकाएं बैनर लेकर कमरे में खड़ी हैं।
सलूंबर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पदमपुरा सल्लाड़ा में बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के साथ करियर संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक मोतीलाल मीणा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव और भविष्य के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को साइबर ठगी एवं ऑनलाइन अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। साइबर अपराध अथवा साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में भी बालिकाओं को जागरूक किया गया।
माहवारी जागरूकता एवं स्वच्छता के विषय पर भी विशेष जानकारी दी गई। बालिकाओं को माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, नियमित रूप से सैनिटरी पैड बदलने और उपयोग किए गए पैड का उचित एवं सुरक्षित तरीके से निस्तारण करने के बारे में समझाया गया। माहवारी को लेकर समाज में व्याप्त झिझक एवं भ्रांतियों को दूर करते हुए इसे एक प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया के रूप में समझने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में अभिभावकों अथवा स्वास्थ्यकर्मियों से उचित सलाह लेने का संदेश भी दिया गया।
करियर काउंसलिंग के दौरान बालिकाओं को विभिन्न रोजगार एवं भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी गई। शिक्षक, अधिवक्ता, पुलिस सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसरों तथा सामान्य कौशल विकास कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से बताया गया। महिला अधिकारिता विभाग के पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी सेवाओं की भी बालिकाओं को विशेष जानकारी दी गई।
बालिकाओं की एकाग्रता एवं मानसिक क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न रोचक गतिविधियां एवं खेल भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका सोनी, परामर्शदाता भावना व्यास, हिना सेन, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।