सलूंबर में 78.69% मतदान, पुरुषों से आगे रहीं महिलाएं; 104 वर्षीय कुरी बाई ने भी डाला वोट
सलूंबर में नगर निकाय चुनाव 2026 का मतदान 78.69% रहा। महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया, जबकि 104 वर्षीय कुरी बाई ने भी वोट डाला।
सलूंबर में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार, 11 सितम्बर को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ। लोकतंत्र के इस महापर्व में समाज के हर वर्ग ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं और मतदान समाप्ति तक मतदाताओं का उत्साह बना रहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने बताया कि सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 15,614 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 12,286 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 78.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सलूंबर में मतदान के दौरान महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। कुल 12,286 मतदाताओं में 6,226 महिलाएं और 6,060 पुरुष शामिल रहे। इस प्रकार पुरुषों की अपेक्षा 166 अधिक महिलाओं ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।
मतदान के दौरान समय के साथ मतदान प्रतिशत लगातार बढ़ता गया। सुबह 10 बजे तक 25.20 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 53.18 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 67.54 प्रतिशत और मतदान समाप्ति के समय शाम 6 बजे तक 78.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान केन्द्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, दिव्यांग मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वाले नव मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मतदान दलों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सजगता और जिम्मेदारी के साथ शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न करवाया।
सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र के बूथ संख्या 10 एवं 11, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गांधी चौक पर एक परिवार की चार पीढ़ियां एक साथ मतदान केन्द्र पहुंचीं। परिवार की वरिष्ठ सदस्य 104 वर्षीय कुरी बाई ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रेरक संदेश दिया।
कुरी बाई के साथ धूलचंद्रजी भोई (79 वर्ष), गोविन्दजी भोई (55 वर्ष), मोतीलालजी भोई (53 वर्ष), शंकरजी भोई (51 वर्ष), लोकेश भोई (28 वर्ष) एवं संजय (26 वर्ष) ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एक ही परिवार की चार पीढ़ियों का एक साथ मतदान केन्द्र पहुंचना लोकतांत्रिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण रहा। यह दृश्य नई पीढ़ी के लिए मतदान के महत्व और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का संदेश देने वाला रहा।
द्वितीय चरण के मतदान के साथ सलूंबर जिले में नगर निकाय आम चुनाव-2026 की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हो गई। मतगणना 14 सितम्बर को होगी।