सलूंबर नगर परिषद चुनाव: 25 वार्डों की मतगणना आज, तैयारियां पूरी
सार्वजनिक जिला पुस्तकालय में 5 टेबल पर 5 राउंड में होगी वोटों की गिनती, सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मतगणना केंद्र के भीतर निरीक्षण करते हुए।
सलूंबर नगर परिषद के 25 वार्डों के लिए हुए मतदान की मतगणना सोमवार, 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से सार्वजनिक जिला पुस्तकालय, सलूंबर में शुरू होगी। मतगणना को सुव्यवस्थित, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने रविवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश व्यवस्था, पर्यवेक्षक कक्ष, मीडिया कक्ष और मतगणना से जुड़ी अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप पूरी पारदर्शिता तथा सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के इस महत्वपूर्ण चरण में सभी अधिकारी और कार्मिक अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करें।
नगर परिषद सलूंबर के 25 वार्डों की मतगणना के लिए सार्वजनिक जिला पुस्तकालय में 5 मतगणना टेबल निर्धारित की गई हैं। मतगणना का कार्य 5 राउंड में पूरा होगा। प्रत्येक टेबल पर रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा निर्धारित गणना पर्यवेक्षक और गणना सहायक नियुक्त किए गए हैं।
मतगणना कक्ष में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी और गणना कार्मिक निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। जिस वार्ड की मतगणना होगी, उस दौरान संबंधित वार्ड के अभ्यर्थियों और उनके अधिकृत अभिकर्ताओं को निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप मतगणना कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी।
मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना कक्षों में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक अधिकृत व्यक्ति को निर्धारित पहचान पत्र और प्रवेश पास के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों को भी राज्य निर्वाचन आयोग अथवा जिला प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत प्रवेश पास के आधार पर ही मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति होगी। संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को मतगणना स्थल की प्रवेश एवं सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया, नगर परिषद आयुक्त अभिषेक शर्मा, पीआरओ पुष्पक मीणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।