सलूंबर में मतदान के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी ने केंद्रों का लिया जायजा, दिए सख्त निर्देश
सलूंबर में नगर निकाय चुनाव के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा, पहचान व सुविधाओं के निर्देश दिए।
तस्वीर में दिख रहा है जिला निर्वाचन अधिकारी सलूंबर के मतदान केंद्र पर निरीक्षण करते हुए।
नगर निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को सलूंबर नगर परिषद क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से जारी रही। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने आदर्श सहित विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की पहचान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता की पहचान और पहचान-पत्र का नियमानुसार सत्यापन करने के बाद ही उसे मतदान के लिए भेजा जाए। मतदान केन्द्रों पर तैनात पोलिंग एजेन्टों को निर्धारित पहचान-पत्र धारण कर उपस्थित रहने तथा बिना वैध पहचान-पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतदान केन्द्र में प्रवेश नहीं देने के निर्देश भी दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक भीड़-भाड़ नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील केन्द्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आवश्यकता के अनुसार उनके आवागमन के लिए वाहनों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि कोई भी मतदाता सुविधा के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी सजगता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान का अवसर उपलब्ध कराया जाए और मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।
इस दौरान पीआरओ पुष्पक मीणा, अमोल अहारी एवं भगवती मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।