सलूंबर, 15 सितंबर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत नगर परिषद सलूंबर के निर्वाचित सदस्यों के निर्वाचन के बाद अब सभापति पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सलूंबर जगदीश चंद्र बामणिया की ओर से जारी लोक सूचना के अनुसार सभापति पद के लिए निर्वाचन कराया जाएगा। सभापति का पद सामान्य श्रेणी का है।

सभापति पद के लिए नाम-निर्देशन पत्र 15 एवं 16 सितंबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक नगर परिषद सलूंबर के सभा कक्ष में प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र अभ्यर्थी स्वयं अथवा उसके प्रस्तावक द्वारा रिटर्निंग अधिकारी या सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकेगा।

प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे कार्यालय नगर परिषद सलूंबर में होगी।

अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थिता वापस लेने की सूचना अभ्यर्थी स्वयं अथवा उसके द्वारा जेल या पुलिस अभिरक्षा में होने की स्थिति में अधिकृत व्यक्ति द्वारा 18 सितंबर 2026 को अपराह्न 3:00 बजे तक नगर परिषद सलूंबर के सभा कक्ष में व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत की जा सकेगी।

निर्वाचन लड़े जाने की स्थिति में सभापति पद के लिए मतदान 21 सितंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक नगर परिषद सलूंबर में आयोजित निर्वाचित सदस्यों की बैठक में किया जा सकेगा।

रिटर्निंग अधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित समय-सारणी और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नामांकन से लेकर संवीक्षा, नाम वापसी और मतदान तक तय कार्यक्रम के अनुसार अब नगर परिषद सलूंबर के सभापति पद के निर्वाचन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Tags: