सलूंबर: भबराणा में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित होगी रात्रि चौपाल
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे और विभागीय योजनाओं की जानकारी देंगे।
सलूंबर, 15 सितंबर। ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 17 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत भबराणा, पंचायत समिति झल्लारा में रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला कलक्टर की अध्यक्षता में होने वाली यह रात्रि चौपाल सायं 6 बजे शुरू होगी।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों की मौके पर सुनवाई की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी यथासंभव समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रात्रि चौपाल में अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहें। अधिकारियों को विभागीय प्रगति रिपोर्ट एवं अद्यतन सूचनाओं सहित अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे और रात्रि चौपाल में अनुपस्थित नहीं रहेंगे। वहीं, संबंधित विकास अधिकारी को रात्रि चौपाल के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं की सीधे सुनवाई और उनके यथासंभव मौके पर समाधान की व्यवस्था प्रशासनिक स्तर पर सुनिश्चित की गई है।