राजसमंद: बीजेपी पार्षद प्रदीप काबरा समेत 3 लोग लापता, अपहरण की आशंका
जोधपुर से नाथद्वारा नामांकन भरने आ रहे बीजेपी पार्षद का देसूरी के पास से मोबाइल स्विच ऑफ मिला, बेटे ने दर्ज कराई शिकायत।
तस्वीर में कमरे में पर्दे के सामने बैठे तीन पुरुष बातचीत करते दिख रहे हैं।
राजसमन्द नाथद्वारा। भाजपा से नामांकन फॉर्म भरने के लिए आज सुबह जोधपुर से नाथद्वारा रवाना हुए भाजपा पार्षद प्रदीप काबरा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, सुबह से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। प्रदीप काबरा के बेटे जितेंद्र काबरा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर अपने पिता के अपहरण की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, प्रदीप काबरा ने सुबह करीब 6 बजे अपने बेटे जितेंद्र काबरा को फोन कर फॉर्म तैयार रखने को कहा था। इसके बाद सुबह 9:28 बजे उनसे अंतिम बार बातचीत हुई। उस दौरान उन्होंने करीब 11:15 बजे तक नाथद्वारा पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। बताया गया है कि देसूरी के आसपास से उनका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है।
प्रदीप काबरा के साथ संदीप श्रीमाली और वार्ड नंबर 1 के प्रस्तावक चंद्रप्रकाश जोशी भी मौजूद थे। परिजनों के अनुसार, तीनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई है।
प्रदीप काबरा के बेटे जितेंद्र काबरा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने प्रशासन से अपने पिता और उनके साथ मौजूद दोनों व्यक्तियों को जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
हालांकि, अपहरण की पुष्टि अभी पुलिस की ओर से नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही प्रदीप काबरा और उनके साथ मौजूद दोनों व्यक्तियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।