आमेट नगर पालिका चुनाव में वार्ड 10 से इलाही बक्श कुरैशी और वार्ड 19 से ताहिर अली की जीत के बाद कुरैशी मोहल्ला, चंदू बावड़ी और सदर बाजार में विजय जुलूस निकाला गया।

आमेट नगर पालिका चुनाव 2026 के आए परिणामों में वार्ड नंबर 10 से इलाही बक्श कुरैशी और वार्ड नंबर 19 से ताहिर अली ने भारी मतों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस शानदार विजय के बाद पूरे आमेट शहर में जश्न का माहौल देखने को मिला। पहली बार पार्षद चुने गए इन दोनों युवा चेहरों का नगरवासियों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूल-मालाओं के साथ जोरदार अभिनंदन किया।

चुनावी नतीजे आने के बाद दोनों नवनिर्वाचित पार्षदों का एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया। यह जुलूस शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरा, जिसमें मुख्य रूप से कुरैशी मोहल्ला, चंदू बावड़ी और सदर बाजार शामिल रहे। जुलूस के दौरान जगह-जगह मोहल्लेवासियों ने नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों का रास्ता रोक-रोककर उन्हें मालाएं पहनाईं और इस बड़ी कामयाबी पर शुभकामनाएं दीं।

इस स्वागत समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में अपार जनसैलाब नजर आया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें केवल राजनीतिक कार्यकर्ता ही शामिल नहीं थे, बल्कि आम जनता भी भारी संख्या में सड़कों पर उतर आई। छोटे-छोटे बच्चों ने हाथों में फूल लेकर पार्षदों का स्वागत किया, वहीं महिलाओं और बुजुर्गों ने सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और दुआएं दीं।

विशेष रूप से कुरैशी मोहल्ला और चंदू बावड़ी क्षेत्रों में दोनों पार्षदों का अति भव्य इस्तकबाल किया गया। इस मौके पर स्थानीय निवासियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने अपने बीच के ही जमीन से जुड़े हुए प्रतिनिधियों को चुनकर भेजा है और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार क्षेत्र में चौमुखी विकास देखने को मिलेगा।

जनता के इस अभूतपूर्व स्नेह पर नवनिर्वाचित पार्षद इलाही बक्श कुरैशी और ताहिर अली ने सभी मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आम जनता ने उन पर जो अटूट विश्वास जताया है, उस भरोसे को वे क्षेत्र में विकास कार्य करवाकर ही पूरा करेंगे।

आयोजित भव्य स्वागत समारोह के दौरान पूर्व चेयरमैन हाजी मीरू खां मंसूरी, मदीना मस्जिद सदर हारून कुरैशी, अल्पसंख्यक विभाग जिला उपाध्यक्ष आजाद शाह, अध्यक्ष फिरोज मोहम्मद शेख, हाजी मोहम्मद हुसैन शाह, इंसाफ कुरैशी, मुस्तफा रनसाद, सद्दाम चाबुक सवार, इजराइल कुरैशी, बाबू कुरैशी, अशफाक अली सोरगर, रहमत अली सोरगर, मुस्तफा मोहम्मद शेख, मोहम्मद इकबाल शाह, इनायत कुरैशी, फिरोज कुरैशी, इरशाद कुरैशी और आनंद सिगलीघर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व नगरवासी मौजूद रहे।

Tags: