तस्वीर में राजसमंद के खेत में उगे हरे पौधे नजर आ रहे हैं।

राजसमंद के भीम थाना पुलिस ने अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश करते हुए मियाला खेत, करकला क्षेत्र से गांजे के 460 हरे पौधे जब्त किए हैं। कट्टों सहित जब्त किए गए पौधों का कुल वजन 107 किलो 400 ग्राम पाया गया। यह कार्रवाई उदयपुर से प्राप्त ANTF की सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि करकला क्षेत्र के एक खेत में मक्का की फसल के बीच गांजे के पौधे तैयार अवस्था में हैं। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत में कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधों को जब्त किया। इसके बाद पौधों की नियमानुसार पैकिंग एवं सीलिंग की कार्रवाई की गई।

प्रारंभिक जांच में खेत का संबंध चेतन सिंह पुत्र जवान सिंह, निवासी करकला, थाना भीम से पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमन्त कलाल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक एवं वृत्ताधिकारी भीम राकेश वर्मा के निकट सुपरविजन तथा थानाधिकारी दिलीप खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। खेत में मक्का की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए 460 गांजे के पौधों की बरामदगी के बाद मामले में आगे की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।

Tags: