राष्ट्रीय पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण मंच के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चुण्डावत ने आमेट के सेलागुडा क्षेत्र में खदानों की कथित अवैध ब्लास्टिंग रोकने के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

आमेट तहसील के ग्राम सेलागुडा के आसपास संचालित खदानों में हो रही अवैध एवं भीषण ब्लास्टिंग को रोकने की मांग को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण मंच के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चुण्डावत ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर माईंस में गैर-कानूनी तरीके से की जा रही ब्लास्टिंग पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि सेलागुडा क्षेत्र में वर्तमान में कई खदानें संचालित हो रही हैं, जहां पिछले कुछ समय से अवैध और भयानक तरीके से विस्फोट किए जा रहे हैं। इन तीव्र धमाकों के कारण गांव के कई मकानों में दरारें आ गई हैं और पूरा गांव दिन में तीन से चार बार थर्रा उठता है।

इसके अलावा, ज्ञापन में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि शिवनाल की ओर से भी खदानें चलाई जा रही हैं। वहां होने वाले भीषण धमाकों के दौरान कई बार गंभीर जनहानि होते-होते बची है। ग्रामीणों की सरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से मांग की गई है कि इस पर तुरंत कड़ा संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए और अवैध ब्लास्टिंग को तत्काल प्रभाव से बंद करवाया जाए।


Tags: