राजसमंद के पसूंद में सरपंच चुनाव में धांधली के आरोप को लेकर ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे।   

राजसमंद जिले की पसूंद ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। चुनाव में कथित धांधली, फर्जी मतदान और पक्षपात के आरोप लगाते हुए प्रत्याशी राजू टांक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और मतों की दोबारा गिनती (री-काउंटिंग) कराने की मांग की।

प्रत्याशी राजू टांक ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए चुनाव करवाने वाले सरकारी कर्मचारियों और निर्वाचन विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान कथित मिलीभगत कर दूसरे प्रत्याशी को फायदा पहुंचाया गया और फर्जी मतदान करवाया गया।

राजू टांक ने मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान के दौरान दूसरे प्रत्याशी द्वारा मोबाइल फोन लेकर पोलिंग बूथ में प्रवेश किया जा रहा था। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में नियमों की कथित अनदेखी किए जाने की बात भी कही।

राजू टांक के अनुसार, जब उन्होंने चुनाव परिणाम को लेकर री-काउंटिंग की मांग की, तो उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई और मतों की दोबारा गिनती भी नहीं करवाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में कथित मिलीभगत और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते उन्हें जबरन चुनाव हराया गया।

इसी मामले को लेकर ग्रामीणों और प्रत्याशी के समर्थकों ने जिला कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायत रखी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मतों की दोबारा गिनती करवाने और चुनाव प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

पसूंद ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर लगाए गए इन आरोपों के बाद अब जिला प्रशासन के अगले कदम पर नजर है। ग्रामीणों और प्रत्याशी की ओर से री-काउंटिंग की मांग उठाए जाने के बीच यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच और चुनाव परिणाम को लेकर क्या निर्णय लेता है।

Tags: