सेमा पंचायत कार्यालय में पदभार ग्रहण के दौरान नवनिर्वाचित सरपंच लीना श्रीमाली और ग्रामीण नजर आ रहे हैं।

खमनोर तहसील के समीप ग्राम पंचायत सेमा की नवनिर्वाचित सरपंच लीना संदीप श्रीमाली ने शनिवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना और हवन के साथ पदभार ग्रहण किया। पंडित सुरेश श्रीमाली ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पदभार ग्रहण की प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में सरपंच ने स्पष्ट संदेश दिया कि उनके लिए पूरी ग्राम पंचायत एक परिवार है और विकास कार्यों में कोई पक्ष-विपक्ष नहीं होगा।

पंचायत परिसर में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह श्री ज्ञानानंद महाराज, सुन्दरनाथ के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पांच पौधे लगाए गए और गौमाता को लापसी खिलाई गई। इस अवसर पर सरपंच लीना श्रीमाली और उपसरपंच हेमा कुंवर ने गोवंश के चारे के लिए 2100-2100 रुपये देने की घोषणा की।

पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच लीना श्रीमाली ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी ग्राम पंचायत उनका परिवार है। उनके लिए कोई अपना-पराया या पक्ष-विपक्ष नहीं है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, नाली, साफ-सफाई और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। ग्रामीणों के सहयोग और मार्गदर्शन से सेमा पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सरपंच पद के चुनाव में लीना संदीप श्रीमाली को कुल 1839 वोट मिले थे। उन्होंने 1195 मतों से जीत दर्ज की थी। अब पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने पंचायत के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया है।

समारोह में कोठारियां मंडल अध्यक्ष हरदयाल सिंह चौहान, भाजपा नेता दशरथ सिंह चौहान, उपसरपंच हेमा कुंवर, सरपंच प्रतिनिधि एवं जिला मंत्री संदीप श्रीमाली, वार्ड पंच खेमली बाई, खेमराज गायरी, पूजा धनगर, रौनक प्रजापत, रुक्मिणी बाई, रेखा कुंवर, रेखा बाई, नरेन्द्र सिंह राजपूत, शंभू सिंह मोजावत, देवली बाई, हीरालाल माली और किशन लाल गायरी सहित गोलाया, काड़ा, कड़ियां, मालिदा, खेड़ी एवं चौकावतों की भागल से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Tags: