झालावाड़ के भवानीमंडी में सूने मकान में लाखों की चोरी, आमलेट बनाकर खाया और अचार बांधकर ले जाने की तैयारी
झालावाड़ के भवानीमंडी में सूने मकान से 2.50 लाख रुपये, जेवरात और एलईडी टीवी चोरी। चोर आमलेट बनाकर खा गए और अचार भी बांधकर ले जाने की तैयारी कर गए।
तस्वीर में दिख रही एक कमरे के बिस्तर पर खुले हुए ज्वेलरी बॉक्स, खाली डिब्बे और बिखरे हुए पर्स नजर आ रहे हैं।
झालावाड़ जिले के भवानीमंडी शहर की महाकाल कॉलोनी में एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और एक एलईडी टीवी चोरी कर लिया। वारदात के दौरान चोरों ने घर में आमलेट बनाकर खाया और चार तरह के अचार भी बांधकर ले जाने की तैयारी की, लेकिन जल्दबाजी में उन्हें बाहर ही छोड़ गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार महाकाल कॉलोनी निवासी हरजीत सिंह पुत्र दिलीप सिंह अपने परिवार के साथ इलाज के लिए मुंबई गए हुए थे। परिवार के बाहर होने से मकान कई दिनों से सूना पड़ा था। बुधवार सुबह जब पड़ोसी टहलने निकले तो उन्होंने मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा। संदेह होने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने के साथ ही खिड़की का लॉक भी तोड़कर घर में प्रवेश किया। परिजनों ने फोन पर पुलिस को बताया कि घर से करीब 2.50 लाख रुपये नकद, जेवरात तथा एक एलईडी टीवी चोरी हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि परिवार के मुंबई से वापस लौटने के बाद ही चोरी गए सामान और नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
चोरी की वारदात के दौरान घर में आमलेट बनाने और चार तरह के अचार बांधकर ले जाने की तैयारी किए जाने की बात सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में रातभर सीपीओ द्वारा गश्त की जाती है और चोरी वाले मकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहता है। इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफलता हासिल की, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।