4 माह से रोजाना औसतन 6 घंटे बिजली कटौती से उदयपुरवाटी बेहाल, 5 दिन में सुधार की मांग

उदयपुरवाटी में 4 माह से रोजाना औसतन 6 घंटे बिजली कटौती और लगातार ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने 5 दिन में व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई है।

Update: 2026-07-31 14:37 GMT

उदयपुरवाटी में पिछले 4 महीने से लगातार हो रही बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। सीकर रोड स्थित नांगल के अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय के 132 केवी जीएसएस से 33 केवी के फीडरों के माध्यम से उदयपुरवाटी कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाती है, लेकिन वितरण व्यवस्था लगातार चरमराई हुई बताई जा रही है।

उपभोक्ताओं ने रोष जताते हुए बताया कि रोज सुबह 6 से 7 बजे तक नियमित बिजली कटौती होती है। इसके अलावा दिन और रात के दौरान 10 बार से अधिक ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। उनका कहना है कि 24 घंटे में करीब 6 घंटे बिजली गुल रहती है, जिससे घरेलू कामकाज, विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यापार प्रभावित हो रहे हैं।

व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली बाधित रहने से पिछले 4 महीने में उन्हें इतना आर्थिक नुकसान हुआ है, जो 2 महीने के बिजली बिल के बराबर है। उपभोक्ताओं ने कहा कि मरम्मत कार्य के लिए की जाने वाली कटौती समझ में आती है, लेकिन छोटे-छोटे कारणों से लगातार बिजली बंद होना समझ से परे है।

उपभोक्ताओं ने यह भी कहा कि वर्ष 2025 में गर्मी अधिक होने के बावजूद बिजली कटौती अपेक्षाकृत कम थी। उनका आरोप है कि विभाग कटौती के मैसेज तो भेज रहा है, लेकिन मुख्य समस्या वितरण तंत्र की खामी है। लगातार गर्मी और अघोषित बिजली कटौती से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने उच्च अधिकारियों से 5 दिन के भीतर विद्युत व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News