नीदरलैंड के यूट्यूबर मैडली रोवर मुंबई से शुरू हुए सफर के दौरान वंदे भारत ट्रेन की रोटेटिंग चेयर पर बैठकर सुविधाओं का अनुभव करते हुए।

वंदे भारत ट्रेन में सफर करना आज भी कई लोगों के लिए सपने जैसा है, लेकिन यह हाई क्लास ट्रेन भारत की शान बन चुकी है। इसकी सुविधाएं और रफ्तार विदेशी सैलानियों को भी आकर्षित कर रही हैं। नीदरलैंड के एक ट्रैवलर ने वंदे भारत में सफर करने के बाद अपने अनुभव को बेहतरीन बताया है। मुंबई से शुरू हुए इस सफर का वीडियो उन्होंने यूट्यूब पर साझा किया, जिसमें ट्रेन की सुविधाओं से लेकर उसकी रफ्तार तक का अनुभव देखने को मिलता है।

वंदे भारत को भारत की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन बताया गया है। इसमें यात्रियों के लिए ऐसी कई सुविधाएं दी गई हैं, जो आम ट्रेनों में नहीं मिलतीं। इन सुविधाओं के कारण कई बार यात्रियों को हवाई जहाज में सफर करने जैसा अहसास भी होता है। नीदरलैंड के ट्रैवलर को भी इस ट्रेन का सफर काफी पसंद आया।

Madly Rover ने अपने यूट्यूब वीडियो का शीर्षक रखा, 'मैंने इंडिया की सबसे तेज चलने वाली लक्जीरियस ट्रेन वंदे भारत में सफर किया।' वीडियो की शुरुआत में वह मुंबई स्टेशन पर ट्रेन के रवाना होने का इंतजार करते नजर आते हैं। इस दौरान वह ड्राइवर से बातचीत कर उसके काम करने का तरीका समझने की भी कोशिश करते हैं।

इसके बाद मैडली पूरी ट्रेन में घूमकर वहां उपलब्ध सुविधाओं को देखते हैं। वह ट्रेन के अंदर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ नाश्ते को भी वीडियो में दिखाते हैं। हालांकि, ट्रेन में मौजूद घूमने वाली कुर्सियां उनका खास ध्यान खींचती हैं। वह आसपास बैठे लोगों से इन रोटेटिंग चेयर के बारे में बातचीत करते हैं और बाद में खुद भी उनका इस्तेमाल करके देखते हैं।

वीडियो के आखिरी हिस्से में मैडली ट्रेन के गेट के पास पहुंचकर स्पीडोमीटर पर उसकी रफ्तार देखते हैं। तेज गति से चलती वंदे भारत उन्हें काफी पसंद आती है। वीडियो में वह देखते हैं कि एक जगह ट्रेन की रफ्तार 107 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच जाती है।

मुंबई से शुरू हुआ यह सफर विदेशी ट्रैवलर के लिए वंदे भारत की सुविधाओं और रफ्तार को करीब से अनुभव करने का मौका बना। ट्रेन के भीतर की व्यवस्थाओं, घूमने वाली कुर्सियों और स्पीडोमीटर पर दिखाई गई गति को कैमरे में दर्ज करते हुए उन्होंने अपने अनुभव को यूट्यूब के जरिए साझा किया।

Tags: