पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित शिव मंदिर में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को हिरासत में लेती पुलिस।

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ में एक शिव मंदिर में पूजा करने पहुंची नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के आरोप में पुलिस ने एक कॉन्ट्रैक्ट वर्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना 10 अक्टूबर को सुबह करीब 11:07 बजे हुई थी। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज वायरल होने के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

वायरल सीसीटीवी फुटेज में लड़की शिव मंदिर में पूजा करती दिखाई दे रही है। पूजा पूरी करने के बाद जब वह वहां से जाने की तैयारी कर रही थी, तभी यूनिफॉर्म पहने एक युवक मंदिर में दाखिल हुआ। मंदिर में लड़की को अकेला देखकर आरोपी ने पहले उसका हाथ पकड़ा और फिर उसके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की। इस दौरान लड़की बुरी तरह घबरा गई, लेकिन कुछ देर तक जद्दोजहद करने के बाद उसने आरोपी को खुद से दूर धकेल दिया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आरोपी की पहचान विशाल सिंह के रूप में हुई है। वह प्रवासी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर है और मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता है। पुणे पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर महेश बंसोडे के मुताबिक, निगडी पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में लिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि निगडी पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो (POCSO) एक्ट से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के वायरल होने के बाद सामने आए इस मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ दर्ज कानूनी प्रकरण ने पिंपरी-चिंचवड़ में स्थानीय लोगों का ध्यान खींचा है।

Tags: