प्रवासी राजस्थानी दिवस से जुड़ेंगे प्रवासी, CM भजनलाल ने दिए तैयारियां तेज करने के निर्देश

प्रवासी राजस्थानी दिवस को लेकर CM भजनलाल शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की, रोड शो और नए चैप्टर्स संचालन के दिए निर्देश।

Update: 2026-07-27 08:34 GMT

तस्वीर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक बैठक के दौरान चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसके पीछे 'आपुणो अग्रणीय राजस्थान' का पोस्टर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगी है।

राजस्थान सरकार ने प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश के विकास और निवेश से जोड़ने की दिशा में तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस विश्वभर में बसे राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का माध्यम बनेगा। इसके जरिए प्रवासियों को प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चैप्टर्स के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के साथ निरंतर और सक्रिय संवाद स्थापित किया जाए। साथ ही, प्रवासी राजस्थानियों की सुविधा के अनुसार नए चैप्टर्स का शीघ्र संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला कलक्टर्स के माध्यम से भी प्रवासी राजस्थानियों से लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि प्रवासियों का प्रदेश से जुड़ाव और अधिक मजबूत हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न सेक्टोरल सत्रों की तैयारियां संबंधित विभाग समय पर पूरी करें। मुख्यमंत्री ने इससे पहले विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाने वाले रोड शो को प्रभावी तरीके से आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि अधिकाधिक प्रवासी राजस्थानियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निर्देश दिए कि शेखावाटी क्षेत्र के प्रवासी राजस्थानियों के लिए विशेष कार्यक्रम शेखावाटी क्षेत्र में ही आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शेखावाटी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 660 से अधिक ऐतिहासिक हवेलियों का चिन्हीकरण किया है। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्रवासी अपनी विरासत से जुड़ सकेंगे।

बैठक में बताया गया कि प्रवासी राजस्थानी दिवस पर ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा, पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी, शहरी विकास, औद्योगिक विकास, खनन एवं पेट्रोकेमिकल सहित अन्य विषयों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही अधिकाधिक प्रवासी राजस्थानियों को आयोजन से जोड़ने के लिए विभिन्न शहरों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 10 दिसंबर 2024 को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर वर्ष 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में इस वर्ष दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित होने जा रहा है।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित उद्योग एवं वाणिज्य, नगरीय विकास एवं आवासन, वित्त, राजस्व, कृषि, स्वायत शासन, ऊर्जा, पर्यटन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News