राजस्थान पुलिस के जवान कोटड़ी में फ्रीज की गई संपत्ति के पास खड़े दिख रहे हैं।

प्रतापगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटड़ी निवासी बादशाह खान की 81 लाख 60 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। फ्रीज की गई संपत्तियों में 80 लाख रुपए का मकान और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ राजस्थान के अलग-अलग थानों में मादक पदार्थों की तस्करी के पांच प्रकरण दर्ज हैं। यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई है।

पुलिस के अनुसार, 1 फरवरी 2023 को अरनोद थाना पुलिस ने शोली गांव में एक मिनी ट्रक-टेंपो से छह काले कट्टों में भरा 136 किलो डोडाचूरा जब्त किया था। इस कार्रवाई के बाद अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान बादशाह खान सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी।

मादक पदार्थों की तस्करी से संपत्ति अर्जित करने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वित्तीय जांच शुरू की और संबंधित संपत्तियों को चिह्नित किया। जांच में कोटड़ी गांव की आबादी भूमि पर बना मकान तथा बादशाह खान के नाम पर खरीदी गई हीरो स्प्लेंडर और टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल सामने आईं। इन सभी संपत्तियों की कुल अनुमानित बाजार कीमत 81 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई।

संपत्तियों को फ्रीज करने के लिए पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी, सफेमा एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा था। 28 अक्टूबर 2026 को सक्षम प्राधिकारी ने संपत्ति फ्रीज करने के आदेश को मंजूरी देते हुए स्थायी कर दिया। इसके बाद कोटड़ी थानाधिकारी ने संबंधित संपत्तियों पर बोर्ड लगवाए।

यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग के मार्गदर्शन में की गई। कोटड़ी थानाधिकारी ठाकराराम ने संपत्ति फ्रीज करने की प्रक्रिया पूरी कर अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचित किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में तस्करी से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई पूरी की गई है।

Tags: