विधायक श्रीचंद कृपलानी छोटीसादड़ी में मंच से ग्रामीणों को संबोधित करते दिख रहे हैं।

छोटीसादड़ी में पंचायती राज चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है। गुरुवार को पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने विभिन्न गांवों का दौरा कर जनसंपर्क किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जनसभाओं और बैठकों को संबोधित करते हुए ग्रामीणों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

विधायक श्रीचंद कृपलानी ने चरलिया, गागरोल, बसेड़ी, कुंडाल, नाराणी, जमलावदा, सुबी, खेरमालिया, जलोदिया, केलुखेड़ा, साकरिया, अम्बावली, रम्भावली एवं बरखेड़ा सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा कर प्रचार अभियान को गति देने का आह्वान किया।

बैठकों और जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली और स्वच्छता सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि जनता के प्रति जवाबदेह रहें और विकास कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएं।

कृपलानी ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों, विकास की सोच और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प को समर्थन देते हुए भाजपा प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और इसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अहम होती है। सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, एकजुटता और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में जुटना चाहिए तथा भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करना चाहिए।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुमावत, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विक्रम कुमावत, मनोहरलाल पारीक, राकेश इंदौरा, जिला परिषद प्रत्याशी कैलाश गुर्जर, प्रहलाद मेघवाल, पंचायत समिति प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण कुमावत, शांतिलाल मेनारिया, दलीचंद धोबी और सूरजमल मीणा सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में चुनाव को लेकर उत्साह देखने को मिला।

Tags: