धमोत्तर के खोरिया मतदान केंद्र का जायजा लेते प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी।   

प्रतापगढ़ जिले के धमोत्तर ब्लॉक में पंचायत राज आम चुनाव-2026 के दौरान शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर पहुंची संयुक्त टीम ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित कार्मिकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा, तहसीलदार मदन सालवी और धमोत्तर थानाधिकारी घीसुलाल मौजूद रहे। टीम ने सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खोरिया के बूथ संख्या 1 और 2 तथा नारायण खेड़ा के बूथ संख्या 1, 2 और 3 का निरीक्षण किया। इसके बाद राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चमलावदा के बूथ संख्या 1 और 2 पर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण अभियान के तहत अधिकारियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थड़ा के बूथ संख्या 1 और 2, रठांजना के बूथ संख्या 1 और 2 तथा बरडिया के बूथ संख्या 1 और 2 का भी जायजा लिया। इस दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और चुनाव से संबंधित तैयारियों को लेकर संबंधित कार्मिकों को जरूरी निर्देश दिए गए।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों का निरीक्षण कर चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन का उद्देश्य मतदाताओं को बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और पंचायत राज आम चुनाव-2026 में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है।

Tags: