प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय में भर्ती पीपलखूंट करंट हादसे के घायलों का हाल-चाल जानते लोग और स्वास्थ्यकर्मी।

प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट क्षेत्र की रेंदा पंचायत में बुधवार को पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक से पहले करंट लगने से बड़ा हादसा हो गया। बैठक स्थल पर तेज हवा के कारण हिल रहे टेंट को संभालने के दौरान उसका लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया। पाइप में करंट फैलने से वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चुनावी बैठक की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रेंदा पंचायत में पंचायती राज चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक आयोजित की जानी थी। बैठक में करीब 150 से 200 लोगों के शामिल होने की संभावना थी। इसके लिए आयोजन स्थल पर टेंट लगाया गया था। इसी दौरान तेज हवा चलने से टेंट हिलने लगा और उड़ने की स्थिति बन गई। टेंट को संभालने के लिए मौके पर मौजूद लोग उसके लोहे के पाइप पकड़ने लगे। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से छू गया। पाइप में करंट फैलते ही वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में मोहन पुत्र गौतम मीणा और अर्जुन पुत्र अमरा मीणा की मौत हो गई। वहीं, नौ अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में विकास पुत्र किशन मीणा (23), छगन पुत्र खातू मीणा (55), गोवर्धन पुत्र गौतम यादव (35), लक्ष्मण पुत्र हीरालाल मीणा (32), सुरेश पुत्र नगला मीणा (35), प्रकाश पुत्र रामलाल मेघवाल (30), किशन पुत्र पुलिया मीणा (45), विजीया पुत्र मनजी मीणा (55), निवासी तालियां कुंड, और शंकर पुत्र चोकला मीणा (45) शामिल हैं। सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस की इस बैठक में विधायक नानालाल निनामा भी शामिल होने वाले थे। उनके पहुंचने से ठीक पहले हादसा हो गया। पंचायती राज चुनाव को लेकर आयोजित होने वाली बैठक की तैयारियों के दौरान हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मृतकों के परिवारों में शोक छा गया, जबकि घायलों के परिजन उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।

Tags: