तस्वीर में जैतारण के बाजार में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के नेतृत्व में 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाली जा रही हर घर तिरंगा रैली का दृश्य।

ब्यावर, 11 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत सोमवार को जैतारण में 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। कैबिनेट मंत्री श्री अविनाश गहलोत के नेतृत्व में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।

रैली में आमजन ने उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता निभाई तथा राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और गौरव की भावना व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

रैली जैतारण शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में आमजन ने तिरंगे का स्वागत किया और रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। देशभक्ति गीतों और नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

कैबिनेट मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने आमजन से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता ने जैतारण में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की तस्वीर प्रस्तुत की। 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकली इस रैली ने ‘एक तिरंगा—एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हुए जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जनअभियान बनाने का संदेश दिया।

Tags: