हर घर तिरंगा अभियान में रायपुर की भव्य रैली, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत हुए शामिल
रायपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य रैली निकली। कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत समेत बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
तस्वीर में रायपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, दिव्यांगजनों और नागरिकों के साथ हाथ में तिरंगा थामे नजर आ रहे हैं।
हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जिलेभर में आयोजित राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को नगर परिषद रायपुर की ओर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का उत्साह प्रदर्शित किया।
रैली में दिव्यांगजनों ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता निभाई तथा देशभक्ति का जज्बा प्रदर्शित किया। विभिन्न वर्गों के लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में भाग लिया और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
तिरंगा रैली नगर परिषद रायपुर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। मार्ग में आमजन ने तिरंगे का स्वागत किया और रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से रायपुर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने आमजन से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
रैली में नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से एकता, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।