बच्चों की सुरक्षा पर सख्त आयुक्त: जर्जर स्कूल भवनों में कक्षाएं नहीं लगाने के निर्देश
ब्यावर में संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त प्रियंका जोधावत ने जर्जर स्कूल भवनों को लेकर सख्त निर्देश दिए और नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया।
तस्वीर में बाईं ओर संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त प्रियंका जोधावत और दाईं ओर ब्यावर जिला कलक्टर कमल राम मीना नजर आ रहे हैं।
संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त प्रियंका जोधावत सोमवार को ब्यावर दौरे पर रहीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में ब्यावर जिले के संकुल प्रभारियों और संस्था प्रधानों के साथ समीक्षा बैठक कर संस्कृत शिक्षा की स्थिति, नामांकन बढ़ाने और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
आयुक्त प्रियंका जोधावत ने बताया कि राजस्थान में संस्कृत शिक्षा विभाग वर्ष 1958 से संचालित है। प्रदेश में 2500 से ज्यादा संस्कृत शिक्षा के स्कूल और कॉलेज संचालित हैं, जबकि ब्यावर में संस्कृत शिक्षा के 21 विद्यालय संचालित हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृत शिक्षण संस्थानों में नामांकन बढ़ाना विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सामान्य शिक्षा हो या संस्कृत शिक्षा, घटते नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। विभाग का प्रयास है कि सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़े। इसके साथ ही स्कूलों की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त जोधावत ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कोई भी कक्षा या स्कूल जर्जर नहीं होना चाहिए। बरसात के दौरान विभाग की ओर से विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग नहीं चाहता कि कहीं कोई हादसा हो या किसी को नुकसान पहुंचे।
आयुक्त ने शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में कहीं भी जर्जर स्कूल भवन होने की जानकारी मिले तो सामान्य शिक्षा या स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर इसकी सूचना दी जाए, ताकि किसी भी तरह की हानि को रोका जा सके।
आयुक्त प्रियंका जोधावत ने बताया कि विभाग की ओर से इस साल संस्कृत दिवस आगामी 27 जनवरी को अजमेर में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। कार्यक्रम में संस्कृत के विद्वानों और स्कूल-कॉलेजों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में संस्कृत शिक्षा विभाग के अजमेर संभाग उपनिरीक्षक गोपाल दत्त शर्मा, जयकिशन, राजकुमार, रोहित सिंह चौहान, अभय सिंह, ममता सोगरा और राजेंद्र तागू उपस्थित थे।
कमिश्नर ने कलेक्टर से की मुलाकात
आयुक्त प्रियंका जोधावत ने ब्यावर आगमन पर जिला कलक्टर कमल राम मीना से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने ब्यावर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। साथ ही शिक्षा क्षेत्र की गतिविधियों पर भी विचार साझा किए। इस दौरान जोधावत ने ब्यावर में एसडीएम रहते हुए किए गए नवाचारों से भी अवगत करवाया।