नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में गौशाला का लोकार्पण, गोवंश संरक्षण संग पौधारोपण का संदेश
ब्यावर के नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में गौशाला का लोकार्पण हुआ। निराश्रित गोवंश के संरक्षण संग पौधारोपण से पर्यावरण का संदेश दिया गया।
तस्वीर में मंत्री जोराराम कुमावत और विधायक शंकर सिंह रावत ब्यावर के किशनपुरा स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में नंदी गौशाला के लोकार्पण और पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान नजर आ रहे हैं।
ब्यावर जिले के किशनपुरा ग्राम कोटड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को श्री गौरी शंकर नीलकंठ महादेव हिम्मत सिंह नंदी गौशाला का लोकार्पण हुआ। पशुपालन, गौपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने गौशाला का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, पशुपालन विभाग अजमेर के अतिरिक्त निदेशक (क्षेत्र) नवीन परिहार सहित साधु-संत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
लोकार्पित गौशाला क्षेत्र में विचरण करने वाले निराश्रित एवं मूक गोवंश के संरक्षण, सुरक्षा एवं सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गौशाला में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के साथ उनकी देखभाल एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गत 24 जून को लंपी स्किन डिजीज के राज्यव्यापी नियंत्रण एवं रोकथाम टीकाकरण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत ने पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के समक्ष नीलकंठ महादेव मंदिर के निकट गौशाला स्थापित करने की आवश्यकता रखी थी। मंत्री ने शीघ्र गौशाला खोलने का आश्वासन दिया था। मंत्री एवं विधायक के प्रयासों से कम समय में गौशाला को साकार किया गया। गौशाला के लोकार्पण से क्षेत्र में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ गोसेवा एवं संरक्षण के कार्यों को गति मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर मंत्री जोराराम कुमावत एवं विधायक शंकर सिंह रावत ने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण पर जोर दिया।
मंत्री कुमावत ने कहा कि गौसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण हमारी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। गौशालाएं गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखते हुए गोवंश के बेहतर संरक्षण पर जोर दिया।
विधायक शंकर सिंह रावत ने आमजन से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पशुपालन, गौपालन एवं डेयरी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने पशुपालकों एवं गोसेवा से जुड़े लोगों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गोसेवा, गोवंश संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। गौशाला लोकार्पण एवं पौधारोपण के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सेवा, संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया।