ब्यावर में स्वीप अभियान के तहत छात्राओं ने मतदाता जागरूकता संदेश दिया।

ब्यावर में मतदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के जरिए लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। जिला स्वीप टीम के तत्वावधान में मंगलवार, 3 नवंबर को जिले के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में संदेश कार्ड, रंगोली और दीपदान के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

अभियान के तहत विद्यार्थियों ने आकर्षक संदेश कार्ड तैयार किए। इन कार्डों के माध्यम से मतदान के महत्व के साथ मतदाताओं के अधिकारों और कर्तव्यों को रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों ने कार्डों पर ‘मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, लोकतंत्र के प्रति हमारा दायित्व भी है’ और ‘हर वोट की है अपनी पहचान, मतदान से बनेगा देश महान’ जैसे प्रेरक संदेश लिखकर नागरिकों को मतदान के लिए जागरूक किया।

रंगोलियों के जरिए बताया लोकतंत्र में मतदान का महत्व

विद्यालयों में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाकर लोकतंत्र और मतदान के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया। वहीं, दीपदान के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती और शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प व्यक्त किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही, मतदान जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार और समाज के प्रत्येक नागरिक तक मतदान का महत्व पहुंचाना है। जिला स्वीप टीम की ओर से नियमित रूप से विभिन्न नवाचारपूर्ण गतिविधियों के जरिए मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।

संदेश कार्ड, रंगोली और दीपदान जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया। इन पहलों का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी को और अधिक मजबूत करना तथा शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Tags: