ब्यावर जिले की तीन पंचायत समितियों और 13 जिला परिषद वार्डों के चुनाव में कुल 58.32 प्रतिशत मतदान दर्ज।

ब्यावर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत शनिवार को तीन पंचायत समितियों और 13 जिला परिषद वार्डों के लिए मतदान जारी रहा। शाम 6 बजे तक जिले में कुल 58.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत के मामले में बदनौर पंचायत समिति सबसे आगे रही, जहां 67.27 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जिले की तीन पंचायत समितियों में कुल 3 लाख 28 हजार 67 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से शाम 6 बजे तक 1 लाख 91 हजार 323 मतदाताओं ने मतदान किया। पंचायत समिति बदनौर में 67.27 प्रतिशत, मसूदा में 54.69 प्रतिशत और रायपुर में 58.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

वहीं, जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए भी शाम 6 बजे तक 58.32 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान प्रक्रिया के दौरान जिले की तीनों पंचायत समितियों में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मतदान के दौरान जिले के विभिन्न केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों पंचायत समितियों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से जारी रही।

Tags: