ब्यावर पंचायतीराज चुनाव: चतुर्थ चरण के 360 केंद्रों के लिए मतदान दल रवाना
बदनौर, मसूदा और रायपुर पंचायत समितियों के 3.28 लाख से अधिक मतदाता जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य चुनने के लिए मतदान करेंगे।
ब्यावर में पंचायतीराज चुनाव के चतुर्थ चरण के लिए मतदान दलों को दिशा-निर्देश देते अधिकारी।
ब्यावर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार, 13 नवंबर को सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय परिसर से तीन पंचायत समितियों के 360 मतदान केंद्रों के लिए मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ईवीएम और निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्री के साथ रवाना हुए। इन क्षेत्रों में शनिवार, 14 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
मतदान दलों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदान दलों और मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, विद्युत की निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा सहित तमाम आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जिले की बदनौर, मसूदा एवं रायपुर पंचायत समितियों के मतदान दल निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार रवाना किए गए हैं। बदनौर पंचायत समिति के 15 पंचायत समिति वार्डों और 20 ग्राम पंचायतों के लिए 68 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार मसूदा पंचायत समिति के 25 पंचायत समिति वार्डों और 46 ग्राम पंचायतों के लिए 159 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि रायपुर पंचायत समिति के 21 पंचायत समिति वार्डों और 34 ग्राम पंचायतों के लिए 133 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इस तरह चतुर्थ चरण में कुल 61 पंचायत समिति वार्डों और 100 ग्राम पंचायतों के लिए 360 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 3 लाख 28 हजार 67 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिला परिषद के कुल 13 वार्डों तथा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, रविवार, 15 नवंबर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी। मंगलवार, 17 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। वहीं, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के साथ ही मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से संग्रहण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन ने चतुर्थ चरण के मतदान को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं तक आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की हैं।