ब्यावर: पंचायत चुनाव में प्रचार करने पर पंचायत सहायक को कारण बताओ नोटिस
ग्राम कोट किराणा की चुनावी सभा में प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने आचार संहिता उल्लंघन का मामला मानते हुए व्यक्तिगत स्पष्टीकरण मांगा है।
ब्यावर। पंचायत राज चुनाव के दौरान चुनावी सभा में एक प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार करना सरकारी कर्मचारी को भारी पड़ गया। ग्राम कोट किराणा में आयोजित चुनावी सभा में प्रत्याशी के पक्ष में मत याचना करने के आरोप में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने पंचायत सहायक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोट किराणा विक्रम सिंह चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा रायपुर की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर को सुबह 10:52 बजे ग्राम कोट किराणा में आयोजित चुनावी सभा में पंचायत सहायक विक्रम सिंह चौहान ने एक चुनाव प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार किया। इस मामले की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी को दी गई, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी किया।
मामले को गंभीर मानते हुए जिला कलेक्टर ने नोटिस में स्पष्ट किया कि राजकीय कार्मिक होने के बावजूद किसी चुनाव प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करना आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है। संबंधित कर्मचारी को 14 नवंबर को सुबह 11 बजे तक जिला कलेक्टर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय पर जवाब प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958, पंचायतीराज अधिनियम एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी सरकारी कार्मिकों को निष्पक्षता बनाए रखना अनिवार्य है। किसी भी चुनाव प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार-प्रसार करने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। पंचायत राज चुनाव के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई ने सरकारी कर्मचारियों की चुनावी भूमिका और निष्पक्षता को लेकर सख्त रुख स्पष्ट कर दिया है।