ब्यावर पंचायतीराज चुनाव: मतदान और मतगणना के दौरान सूखा दिवस घोषित
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों व पांच किलोमीटर की परिधि में शराब बिक्री पर रोक लगाई है।
ब्यावर, 13 नवंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ब्यावर जिले में मतदान और मतगणना के दौरान सूखा दिवस घोषित किया गया है। राज्य सरकार के वित्त (आबकारी) विभाग के आदेश की अनुपालना में संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों और उनकी 5 किलोमीटर की परिधि में शराब की बिक्री एवं वितरण पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना ने बताया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चतुर्थ चरण के मतदान के मद्देनजर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 12 नवंबर को शाम 6 बजे से 14 नवंबर को शाम 6 बजे तक सूखा दिवस रहेगा। इसके बाद पंच एवं सरपंच के चतुर्थ चरण के मतदान को देखते हुए 14 नवंबर को शाम 6 बजे से 16 नवंबर को शाम 6 बजे तक संबंधित क्षेत्रों में यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।
इसी प्रकार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के दिन 20 नवंबर को ब्यावर जिले की सभी पंचायत समिति क्षेत्रों में मतगणना समाप्त होने तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।
निर्धारित अवधि के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्रों में मदिरा की बिक्री और वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके तहत मदिरा की खुदरा दुकानों, थोक डिपो, होटल, बार, क्लब एवं रेस्टोरेंट को नियमानुसार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिबंधित अवधि में शराब का भंडारण, परिवहन, विक्रय और वितरण भी पूरी तरह निषिद्ध रहेगा।
प्रशासन की ओर से जारी इन आदेशों के तहत निर्वाचन से जुड़े सभी प्रतिबंधित क्षेत्रों में निर्धारित समयावधि के दौरान आबकारी नियमों की पालना सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।