ब्यावर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को बड़ी सफलता मिली है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत जिले के 7 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 12 उप स्वास्थ्य केंद्रों को राज्य स्तरीय गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने बताया कि राज्य स्तर से जारी सूची के अनुसार मसूदा, जवाजा एवं रायपुर ब्लॉक के चयनित स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने के बाद यह प्रमाणन मिला है। प्रमाणित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किशनपुरा, जालिया-II, केलू, खरवा, किराप, देवली कलां एवं गिरी शामिल हैं। वहीं, 12 उप स्वास्थ्य केंद्रों लोरड़ी, कानाखेड़ा, भरकला, झुन्झारों का बड़िया, कुसलपुरा, मायला, दौलतपुरा सेकंड, रामपुरा, बनोला, झाख खास, रामपुरा एवं गुढ़ा को भी राज्य स्तरीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हुआ है।

डॉ. गहलोत ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य संस्थानों को प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है। इसके लिए संस्थानों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, आवश्यक दवाओं और जांच सुविधाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं, मरीजों के अधिकार, स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के पालन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों का मूल्यांकन किया जाता है। इन मानकों को प्रभावी ढंग से लागू करने से मरीजों को सुरक्षित वातावरण में बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होती हैं।

जिले में गुणवत्ता प्रमाणन की प्रक्रिया के तहत कुल 112 स्वास्थ्य संस्थानों ने आवेदन किया है। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश कुमावत ने बताया कि जिले के 112 स्वास्थ्य संस्थानों को राज्य गुणवत्ता प्रमाणन के लिए भेजा गया है। इनमें से अब तक 19 संस्थानों का परिणाम जारी हो चुका है, जबकि शेष संस्थानों के परिणाम आने बाकी हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से अन्य संस्थानों में भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं और तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को गुणवत्ता प्रमाणन मिल सके।

इसी क्रम में जिला अस्पताल अमृतकौर चिकित्सालय, ब्यावर के लिए भी राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन की उम्मीद बढ़ी है। डॉ. कुमावत ने बताया कि कुछ दिन पूर्व अस्पताल का राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (National Quality Certification) के लिए मूल्यांकन पूरा हुआ है। अस्पताल में की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं के आधार पर राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त होने की उम्मीद है। इससे अस्पताल में उपचार, जांच, दवा वितरण, स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा और अन्य चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी।

सीएमएचओ डॉ. संजय गहलोत ने इस उपलब्धि पर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों और समस्त स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन निर्धारित मानकों को लगातार बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जिले के शेष स्वास्थ्य संस्थानों को भी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने के प्रयास कर रहा है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अपने नजदीक ही बेहतर, सुरक्षित और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Tags: