सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय ब्यावर के सभागार में जनजातीय गौरव पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान वाद्ययंत्र बजाते विद्यार्थी दिख रहे हैं।

ब्यावर, 13 नवम्बर। जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक विरासत की झलक ब्यावर के सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में देखने को मिली, जहां जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत एकल लोकगीत गायन एवं लोकवाद्य वादन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पारंपरिक लोकगीतों और वाद्ययंत्रों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनजातीय समाज के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उनके राष्ट्रप्रेम, संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए योगदान को याद किया।

आयोजित प्रतियोगिताओं में एकल लोकगीत गायन के लिए कुल 10 तथा लोकवाद्य वादन में 8 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने राजस्थान सहित विभिन्न लोकांचलों की लोकसंगीत परंपराओं, पारंपरिक गीतों और वाद्ययंत्रों के जरिए भारतीय संस्कृति की बहुरंगी विरासत का परिचय दिया। प्रस्तुतियों में लोकजीवन, प्रकृति, सामाजिक परंपराओं, उत्सवों और जनजातीय सांस्कृतिक चेतना की अभिव्यक्ति देखने को मिली।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा मंडोवरा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान, संघर्ष और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा का अनुपम उदाहरण है। जनजातीय गौरव पखवाड़े के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकगीत एवं लोकवाद्य हमारी सांस्कृतिक धरोहर के जीवंत स्वरूप हैं और उनका संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

महाविद्यालय की सांस्कृतिक प्रभारी प्रोफेसर अंजली जयपाल ने कहा कि लोकसंगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक स्मृतियों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का संवाहक है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अपनी लोक विरासत के प्रति सम्मान, रचनात्मकता और मंचीय आत्मविश्वास विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता को सराहनीय बताया। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों और विजेताओं को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या प्रोफेसर रेखा मंडोवरा ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकसंगीत की समृद्ध परंपराओं से जुड़ने तथा जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

Tags: