तस्वीर में माणिकपुर पुलिस स्टेशन के बाहर पुलिस अधिकारी और जवान गिरफ्तार आरोपी के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

वसई पश्चिम के माणिकपुर पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले फरार शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने की चेन जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं के गले से आभूषण छीनकर पैदल ही फरार हो जाता था।

वसई-विरार क्षेत्र में एक शातिर चेन स्नैचर ने पुलिस की चिंता बढ़ा रखी थी। आरोपी पैदल चलने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर चील झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र और चेन खींच लेता था और वारदात के बाद पैदल ही फरार हो जाता था। इस कारण महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ था।

चेन स्नैचिंग की लगातार घटनाओं को अंजाम देने वाले फरार आरोपी को पकड़ने के लिए डीसीपी अशोक विरकर और एसीपी देवेंद्र पोल के मार्गदर्शन में पीआई हीरालाल जाधव के नेतृत्व में डिटेक्शन ब्रांच की विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की। हालांकि आरोपी काफी चालाक था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसके पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिसके कारण पुलिस को उसे ट्रेस करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इसके बावजूद पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी। आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी के घर का पता लगा लिया। टीम ने आरोपी गणेश मारुती नरवाडे उम्र 37 वर्ष को वसई पश्चिम स्थित रूम नंबर 369, माऊली अपार्टमेंट, उमेल मान स्थित उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को पकड़कर पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने उक्त आपराधिक घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से 12 ग्राम सोने की चेन जब्त की है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चेन स्नैचिंग करने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

Tags: