मुंबई के पवई इलाके में नजर उतारने के बहाने किन्नर का भेष धारण कर घर में घुसे 28 वर्षीय व्यक्ति ने 25 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की दोपहर आरोपी अनिल शेषराव शिंदे ने इमारत के सुरक्षा गार्ड को झांसा देकर प्रवेश हासिल किया। उसने महिला से कहा कि उसके पति पर किसी की बुरी नजर है। आरोपी की बातों में आकर महिला ने उसे घर के भीतर आने दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती की।

वारदात के बाद आरोपी महिला से 200 रुपये छीनकर फरार हो गया। आरोपी ने साड़ी पहनकर ऑटो रिक्शा से भागने की कोशिश की। रात करीब 11 बजे पीड़ित महिला पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने आरोपी की तलाश में पवई से कलवा तक के मार्ग पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कलवा की गोलाई नगर झुग्गी बस्ती में जाल बिछाया। यहां पुलिस ने अनिल शिंदे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी वारदात के चार घंटे के भीतर गिरफ्त में आ गया।

फिलहाल आरोपी को 25 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Tags: