मुंबई शहर और उपनगरों में बिना अनुमति संचालित हो रहे आर्टिफिशियल टर्फ और बॉक्स क्रिकेट मैदानों को नियमों के दायरे में लाने के लिए बीएमसी ने बड़ा कदम उठाया है। बीएमसी में ‘एडवांस्ड स्मार्ट टर्फ पॉलिसी’ लागू करने से जुड़ा प्रस्ताव सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया है। भाजपा नगरसेवक और स्थायी समिति सदस्य तेजिंदर सिंह तिवाना द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव के पारित होने के बाद अब बीएमसी प्रशासन को जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

मुंबई में खुले मैदानों की कमी के कारण पिछले कुछ वर्षों में 1,500 से अधिक टर्फ खुल चुके हैं। स्पष्ट नियमावली नहीं होने के कारण देर रात तक शोर-शराबे, तेज फ्लडलाइट्स और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से स्थानीय निवासियों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही थी।

नई नीति के तहत अब सभी टर्फ की बुकिंग और पंजीकरण केवल बीएमसी के ‘खेलो मुंबई’ ऐप के जरिए करना अनिवार्य होगा। इससे नकद लेनदेन खत्म होगा और व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

खिलाड़ियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए घटिया और जहरीले रबर कणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा। टर्फ में केवल पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के उपयोग को अनिवार्य किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से टर्फ पर सुरक्षात्मक छत की जाली लगाना भी जरूरी होगा।

नियमों का उल्लंघन करने वाले टर्फ संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीएमसी की यह प्रस्तावित नीति टर्फ संचालन को नियमों के दायरे में लाने के साथ खेल प्रेमियों की सुविधा और नागरिकों की शांति के बीच बेहतर संतुलन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Tags: