संगठन यात्रा ऊर्जा और सार-संभाल का संदेश लेकर पहुँची चेंबूर, युवाओं को संघसेवा से जोड़ने पर जोर
चेंबूर में अभातेयुप की संगठन यात्रा के दौरान संगठन को नई ऊर्जा देने, युवाओं को जोड़ने और संघसेवा के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। साध्वी निर्वाणश्री सहित साध्वीवृंद की उपस्थिति में यात्रा शुरू हुई।
तस्वीर में अभातेयुप उपाध्यक्ष अभिनंदन नाहटा और अन्य पदाधिकारी चेंबूर में संगठन यात्रा के दौरान बैनर थामे हुए नजर आ रहे हैं।
मुंबई। संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने, कार्यकर्ताओं की सार-संभाल करने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से अभातेयुप के उपाध्यक्ष अभिनंदन नाहटा अपनी पूरी टीम के साथ चेंबूर पहुँचे। संगठन यात्रा का शुभारंभ साध्वी निर्वाणश्री एवं सहवर्ती साध्वीवृंद की त्रिपदी वंदना से हुआ। इसके बाद श्रावक-निष्ठा एवं विजय गीत के साथ संगठन यात्रा प्रारंभ हुई।
डॉ. योगक्षेमप्रभा ने सेवा, संस्कार और संगठन इन तीन प्रमुख आयामों के माध्यम से युवाओं को जागृत किया। उन्होंने गुरु इंगित के अनुरूप धर्मसंघ की प्रभावना में युवाओं की भूमिका, सजगता एवं सक्रियता को अनेक उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट करते हुए प्रेरित किया।
तेरापंथ युवक परिषद् चेंबूर के अध्यक्ष हिमांशु गन्ना ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। तेयुप चेंबूर के मंत्री कपिल मेहता ने परिषद् द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी सदन के समक्ष रखी। इसी क्रम में गोवंडी परिषद् ने भी अपने कार्यों की अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
मयंक धाकड़ ने किशोरों को भविष्य की युवा शक्ति बताते हुए उन्हें संगठन से जोड़ने एवं प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कमलेश सोलंकी ने तेयुप में आपसी कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा युवाओं की व्यवसाय एवं रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में संगठन को उपयोगी बनाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
अभिनंदन नाहटा ने तेयुप की कार्यशैली को और अधिक सशक्त एवं मजबूत बनाने, अपने संस्कारों से जागृत होकर संघसेवा करने तथा प्रभावी रोटेशन के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को संघसेवा से जोड़ने की प्रेरणा दी। महेश परमार, नीरज आच्छा, संदीप कोठारी एवं नरेश सोनी ने भी विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन राहुल डांगी ने किया, जबकि आभार अरुण धाकड़ ने व्यक्त किया। यह जानकारी मीडिया प्रभारी निलेश राठौड़ ने दी।