आईएएस अश्विनी भिड़े का व्हाट्सएप अकाउंट हैक, फर्जी मैसेज से सावधान रहने की अपील
बीएमसी कमिश्नर और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े का आधिकारिक व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर फर्जी मैसेज और पैसों की मांग से सावधान रहने की अपील की है।
मुंबई में महानगरपालिका आयुक्त और ‘मेट्रो वुमन’ के नाम से मशहूर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े साइबर क्राइम का शिकार हो गई हैं। उनका आधिकारिक व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। इसकी जानकारी खुद अश्विनी भिड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर दी।
अश्विनी भिड़े ने नागरिकों और अपने सहयोगियों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज को पूरी तरह नजरअंदाज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके व्हाट्सएप अकाउंट से यदि कोई संदेश आता है, खासकर उसमें पैसों या किसी भी तरह की मदद मांगी गई हो, तो उस पर बिल्कुल ध्यान न दें और न ही उसका कोई जवाब दें।
1995 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े महाराष्ट्र की बेहद प्रभावशाली अधिकारियों में गिनी जाती हैं। मुंबई में मेट्रो नेटवर्क को मजबूती से आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रही है, जिसके लिए उन्हें ‘मेट्रो वुमन’ की उपाधि मिली।
फिलहाल बीएमसी कमिश्नर के रूप में अश्विनी भिड़े शहर के 320 किलोमीटर लंबे फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान का नेतृत्व कर रही हैं। इसी बीच उनके आधिकारिक व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने की घटना सामने आई है।
पुलिस और साइबर सेल अब इस हैकिंग मामले की जांच में जुट गए हैं। अधिकारियों की जांच के बीच अश्विनी भिड़े की ओर से जारी चेतावनी के बाद नागरिकों और सहयोगियों को उनके नंबर से आने वाले संदिग्ध संदेशों से सतर्क रहने की अपील की गई है।