महिला नगर सेविका के साथ कथित तौर पर गंदी गालियां देने, धमकियां देने और मंगलसूत्र खींचकर ले जाने का मामला सामने आया है। मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के तुलिंज पुलिस स्टेशन में इस मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व स्थित एक महिला नगर सेविका अपने कार्यालय पर थी। इसी दौरान धर्मेंद्र यादव नामक व्यक्ति महिला नगर सेविका को गंदी गालियां देने लगा और किसी मनीष सिंग के नाम का हवाला देकर धमकियां देने लगा। इसके बाद वह वीडियो बनाने लगा और बार-बार कहता रहा कि आपकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर आपको बदनाम करूंगा।

धर्मेंद्र यादव ने महिला नगर सेविका को धमकी देते हुए कहा कि तुझे उठाकर ले जाऊंगा, तुझे जान से मार दूंगा। मामला बढ़ने पर किसी तरह हंगामे को शांत किया गया। इसी दौरान मौका देखकर महिला नगर सेविका के गले से तीन तोले का मंगलसूत्र खींचकर ले जाने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद पीड़ित नगर सेविका ने तुलिंज पुलिस स्टेशन में दोनों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई। तुलिंज पुलिस ने धर्मेंद्र यादव और मनीष सिंग के खिलाफ बीएनएस कलम के अंतर्गत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

मामले की छानबीन पीएसआई हर्षल राऊत द्वारा की जा रही है। पुलिस कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले की जांच जारी है।

Tags: