ठाणे में अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट जिला स्तरीय स्पर्धा संपन्न
विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों और कलात्मक रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्रकला, निबंध व भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
तस्वीर में ठाणे के कार्यक्रम स्थल पर ट्रॉफी लिए बच्चे और आयोजक समूह में उपस्थित हैं।
मुंबई। अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में अणुव्रत समिति मुंबई क्षेत्र ठाणे द्वारा अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट (ACC) 2026 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता रविवार को तेरापंथ सभाभवन ठाणे में गरिमामय एवं सफल आयोजन के साथ संपन्न हुई। प्रतियोगिता में 10 स्कूल और 2 पाठशालाओं के प्रतिभाशाली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘स्वार्थ की दीवार का ढहना ही परिवार है’ विषय के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता महातपस्वी युगप्रधान आचार्य महाश्रमण के सुशिष्य मुनि कुलदीप कुमार एवं मुनि मुकुल कुमार के सानिध्य में संपन्न हुई। मुनि ने कहा कि बच्चों में नैतिकता, सद्भावना और सहकारिता की भावना का विकास होना चाहिए।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कलात्मक रचनात्मकता के विकास के साथ-साथ अणुव्रत के नैतिक जीवन-मूल्यों और संस्कारों का बीजारोपण करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत गीत के सामूहिक मंगलाचरण से हुआ। अणुव्रत समिति ठाणे के जॉन प्रभारी रतन कच्छारा ने अणुव्रत नियम का वाचन किया।
जॉन प्रभारी विमला हिरण ने अणुव्रत समिति मुंबई के अध्यक्ष रमेश सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर कच्छारा, एसीसी महाराष्ट्र प्रभारी तरुणा कोठारी, महिला मंडल ठाणे अध्यक्षा संगीता चंडालिया, ज्ञानशाला ठाणे की प्रभारी वनिता मेहता, अणुव्रत समिति ठाणे के पदाधिकारियों, पेरेंट्स और सभी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा अणुव्रत के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अणुव्रत समिति मुंबई के सहमंत्री कमलेश दुग्गड़ ने किया।
महाराष्ट्र प्रभारी तरुणा ने अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में ठाणे और भायंदर के स्कूलों के बच्चों को मोटिवेट किया। अणुव्रत समिति मुंबई के अध्यक्ष सोनी ने सभी बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें आगे भी ऐसे क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में भाग लेते रहने के लिए प्रेरित किया। महिला मंडल ठाणे की अध्यक्ष चंडालिया ने अणुव्रत के प्रति अपने विचार रखे। भायंदर से एसीसी में भाग लेने वाले बच्चों को लाने में विशेष सहयोग क्षेत्रीय सहसंयोजक भायंदर कविता बेगानी का रहा।
स्कूल स्तर से चयनित होकर आए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर चित्रकला, निबंध और भाषण स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के सफल संयोजन में कार्यक्रम संयोजक भंवरदास वैष्णव जैन, सहसंयोजक सुभाष हिंगड़, प्रवीण डांगी, सहसंयोजक कल्पना जैन, सुखिया मांडोत, सीमा सांखला, सुमन नवलखा, अणुव्रत समिति ठाणे की टीम और अन्य कार्यकर्ताओं का सक्रिय योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में सहसंयोजक सुभाष हिंगड़ और प्रवीण डांगी ने सभी के प्रति विशेष आभार ज्ञापित किया। अणुव्रत समिति ठाणे ने राज्य स्तर पर चयनित सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो से सम्मानित कर बधाई दी और आगामी स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ठाणे का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।