तस्वीर में चेम्बूर हॉल में समूह में उपस्थित टीपीएफ के सदस्य दिख रहे हैं।

मुंबई। टीपीएफ मुंबई सेंट्रल जोन का भव्य शपथ ग्रहण समारोह चेम्बूर तेरापंथ भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में प्रोफेशनल्स को संबोधित करते हुए आचार्य महाश्रमण निर्वाणश्री ने कहा कि सभी प्रोफेशनल्स अपने दायित्व और कार्ययोजना को किसी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें यथार्थ में अवतरित करने के लिए संकल्पबद्ध हों। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक एवं व्यावहारिक जगत में स्ट्रेसमुक्त जीवन जीने के लिए कम से कम बीस मिनट समय धर्मोपासना के लिए भी सुरक्षित करना चाहिए।

नवनिर्वाचित टीम को संप्रेरित करते हुए साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने कहा कि हमारा यह प्रभुत्व वर्ग त्रिआयामी जीवन स्तर को स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करे। शरीर के स्तर पर व्यवसाय एवं स्वस्थता, मानसिक स्तर पर प्रसन्नता एवं तनाव-अवसाद मुक्त जीवन शैली तथा आत्मा के स्तर पर संघीय दायित्वों और स्वकल्याण को प्रधानता दी जाए।

टीपीएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष कोठारी ने साध्वीश्री के प्रति हार्दिक आभार प्रकट करते हुए नूतन टीम को बधाई दी। तेरापंथ सभा, मुंबई के अध्यक्ष सुरेन्द्र कोठारी ने नव मनोनीत अध्यक्ष राहुल डोगी के आगामी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। वेस्ट जोन के अध्यक्ष हिम्मत हिरण ने कार्ययोजनाओं की विस्तृत चर्चा की।

नव मनोनीत अध्यक्ष राहुल डांगी ने सभी का स्वागत करते हुए पूज्यप्रवर एवं साध्वीश्री के प्रति श्रद्धा भरी कृतज्ञता प्रकट की और सेंट्रल जोन के प्रोफेशनल्स के बारे में जानकारी दी। आभार ज्ञापन अर्चिता भूतोडीया ने किया। तेरापंथ सभा चेम्बूर के अध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी ने तेरापंथ समाज चेंबुर की ओर से शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण टीपीएफ सेंट्रल मुंबई जोन के निवर्तमान अध्यक्ष हेमंत लोढ़ा ने करवाया। इस अवसर पर अनेक तपस्वियों ने विविध तप का प्रत्याख्यान स्वीकार किया। कार्यक्रम का मंच संचालन नव नियुक्त मंत्री डॉ. चेतन परमार ने किया। साध्वी योगक्षेमप्रभा, साध्वी लावण्यप्रभा, साध्वी कुंदनयशा, साध्वी मुदितप्रभा एवं साध्वी मधुरप्रभा ने गीत का संगान किया।

कार्यक्रम अत्यंत गरिमापूर्ण एवं संघप्रभावक रहा। इस अवसर पर केन्द्रीय टीम के करीब 15 सदस्यों तथा मुंबई की अन्य शाखाओं के अध्यक्ष पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। क्षेत्रीय सभी प्रोफेशनल्स ने समारोह की सफलता में योगदान दिया। शपथ ग्रहण समारोह ने टीपीएफ सेंट्रल मुंबई जोन की नवनिर्वाचित टीम के दायित्वों और कार्ययोजनाओं को आगे बढ़ाने के संकल्प को प्रमुखता से सामने रखा।

Tags: