दहिसर में टैक्सी-ऑटो मीटर में धांधली का खुलासा, 5 पर केस
ऑटो और टैक्सी के मीटर में गुप्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाकर अधिक भाड़ा वसूलने के आरोप में दहिसर पुलिस ने अमीन पठान समेत 5 लोगों पर मामला दर्ज किया।
टैक्सी-ऑटो मीटर में धांधली कर यात्रियों से ज्यादा भाड़ा वसूलने के मामले का दहिसर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने टैक्सी और ऑटो रिक्षा के मीटर में गड़बड़ी कर यात्रियों को ठगने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया कि भाड़ा जबरदस्ती बढ़ाने के लिए मीटर के भीतर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए गए थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दहिसर इलाके में कुछ ऑटो रिक्षा और टैक्सी चालक मीटर में छेड़छाड़ कर यात्रियों से ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और एक टैक्सी में फर्जी यात्री बनाकर भेजा। सफर के दौरान फर्जी यात्री ने देखा कि चालक ने मीटर को कपड़े से ढक रखा था और उसका व्यवहार भी संदेहास्पद था।
यात्रा खत्म होने के बाद पुलिस ने टैक्सी चालक से पूछताछ की, लेकिन वह कोई सही जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने टैक्सी की जांच की तो मीटर के अंदर एक गुप्त इलेक्ट्रॉनिक सर्किट मिला। इस सर्किट की मदद से भाड़े का कांटा बहुत तेजी से भागता था, जिससे यात्रियों से निर्धारित भाड़े से ज्यादा रकम वसूली जाती थी।
पुलिस की आगे की जांच में पता चला कि 31 वर्षीय अमीन पठान ने अन्य चार चालकों की गाड़ियों में भी यही इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए थे। इस मामले में पुलिस ने जोआब देशमुख, अमीन पठान, रियाज शेख, नजीर पटेल और आनंद कुमार राय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बीएमसी और पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे ठग चालकों से सावधान रहें और किसी भी तरह की धांधली सामने आने पर शिकायत दर्ज कराएं। दहिसर में मीटर से छेड़छाड़ कर यात्रियों से अधिक भाड़ा वसूलने के इस मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद फर्जीवाड़े का तरीका सामने आया है।