डोंबिवली: तेरापंथ भवन में आयंबिल तप और नमस्कार महामंत्र जाप आयोजित
तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली द्वारा आयोजित इस साधना कार्यक्रम में त्याग, संयम और सामूहिक भक्ति के माध्यम से आत्मशुद्धि पर बल दिया गया।
डोंबिवली के तेरापंथ भवन में बैनर के साथ बैठीं और खड़ीं महिलाएं।
मुंबई। तेरापंथ महिला मंडल, डोंबिवली की ओर से तेरापंथ भवन में आयंबिल तप अनुष्ठान एवं नमस्कार महामंत्र जाप का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। आध्यात्मिक ऊर्जा, तप और साधना से परिपूर्ण इस आयोजन में बहनों ने सामूहिक रूप से साधना का लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र जाप से हुआ। महामंत्र की पवित्र ध्वनि से वातावरण गुंजायमान हो उठा। सभी बहनों ने भक्तिभाव और एकाग्रता के साथ आध्यात्मिक साधना में सहभागिता की। कार्यक्रम में पहुंचे विशिष्ट अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष सुधा सियाल एवं मंत्री मीना धाकड़ ने किया।
इस अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद डोंबिवली के अध्यक्ष विपीन मेहता एवं मंत्री भावेश की उपस्थिति रही। तेरापंथी सभा के अध्यक्ष मदन कोठारी एवं उनकी टीम ने भी कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में परामर्शक बहनों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं कोर टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही अभातेममं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जुली मेहता की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।
आयंबिल तप के माध्यम से बहनों ने त्याग, संयम और आत्मशुद्धि की दिशा में कदम बढ़ाया। वहीं नमस्कार महामंत्र के जाप से मन में शांति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। सामूहिक साधना, अनुशासन और सहभागिता से यह आयोजन आध्यात्मिक साधना की सुंदर अभिव्यक्ति बना और सभी की भागीदारी ने इसे सार्थक एवं स्मरणीय बनाया।