रानी बाग चिड़ियाघर में जल्द दिखेंगे एशियाई शेर, BMC महापौर ने गुजरात CM से की मुलाकात
मुंबई महानगरपालिका रानी बाग चिड़ियाघर के लिए जूनागढ़ से एशियाई शेरों की जोड़ी लाने के प्रयास तेज कर रही है।
गुजरात के शक्करबाग प्राणी उद्यान से मुंबई के बायकुला चिड़ियाघर में जल्द एशियाई शेर लाए जाएंगे।
मुंबई के रानी बाग स्थित बायकुला चिड़ियाघर में जल्द ही एशियाई शेरों की दहाड़ सुनाई दे सकती है। शेरों की जोड़ी मुंबई लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल हुई है। मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने गुजरात के गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल से मुलाकात कर इस प्रस्ताव को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान जूनागढ़ के प्रसिद्ध शक्करबाग प्राणी उद्यान से एशियाई शेरों की जोड़ी मुंबई चिड़ियाघर लाने के प्रस्ताव पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई। महापौर रितू तावड़े के अनुरोध पर मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुजरात के वन एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं तत्काल पूरी करने के निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने जूनागढ़ के शक्करबाग चिड़ियाघर और मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के बायकुला चिड़ियाघर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया भी तेज करने को कहा है। इस समझौते के तहत प्राणी विनिमय कार्यक्रम के माध्यम से एशियाई शेरों की जोड़ी मुंबई लाई जाएगी।
शेरों के आगमन की खबर मुंबईकरों, विशेषकर बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बायकुला चिड़ियाघर में लंबे समय से एशियाई शेरों की कमी महसूस की जा रही थी। इस कमी को दूर करने के लिए बीएमसी प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा था।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने और शेरों की स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें मुंबई लाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। एशियाई शेरों की जोड़ी के आगमन से रानी बाग की वन्यजीव विविधता में नया आकर्षण जुड़ने के साथ ही इस ऐतिहासिक चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या में भी बड़ी वृद्धि होने की उम्मीद है।