नालासोपारा में चोरी के आरोपी को आचोले पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया।   

मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-2 अंतर्गत आचोले पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने गोपनीय जानकारी और गहन जांच के आधार पर आरोपी को वसई पूर्व के वालीव स्थित जानकीपाड़ा इलाके से धरदबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व स्थित साईंधाम अपार्टमेंट निवासी शाइन हाफिज सिद्दिकी (37) के घर में चोरी की वारदात हुई थी। अज्ञात चोर ने बड़ी चालाकी से घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बेडरूम में रखी तिजोरी का ताला तोड़कर शिकायतकर्ता के गहने और नकदी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद आचोले पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस इंस्पेक्टर सुजीत पवार के मार्गदर्शन में एपीआई मानिकराव पाटील, तुकाराम भोपले सहित डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर बारीकी से जांच की। इस दौरान जुटाई गई गोपनीय जानकारी के आधार पर चोरी में शामिल आरोपी की पहचान की गई।

जांच में आरोपी की पहचान वसई पूर्व के वालीव स्थित जानकीपाड़ा निवासी चंद्रकांत रवि लोखंडे (30) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे एक खदान से पकड़कर आचोले पुलिस स्टेशन लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने उसके पास से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी जब्त की है।

इस मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(A) और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आचोले पुलिस मामले में आगे की जांच-पड़ताल कर रही है।

Tags: